
मुख्यमंत्री निःशुल्क स्कूटी वितरण कार्यक्रम में 136 विद्यार्थियों को मिला लाभ
डिंडौरी : 12 सितंबर, 2025
गुरुवार 11 सितंबर 2025 को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री निःशुल्क स्कूटी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव का सीधा प्रसारण प्रदर्शित किया गया।
आयोजन में शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुदेश परस्ते एवं उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू व्यौहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री राघवेंद्र मिश्रा ने जानकारी दी कि जिले के 69 हायर सेकेंडरी विद्यालयों से चयनित 136 प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की गई, जिनमें 67 छात्राएँ और 69 छात्र शामिल हैं। क्षेत्रवार वितरण में बजाग से 11, करंजिया से 22, डिंडौरी से 31, समनापुर से 15 और शहपुरा से 27 विद्यार्थी लाभान्वित हुए।
विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे का संबोधन
शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके समय में पढ़ाई में अनेक बाधाएँ थीं। उन्होंने स्वयं का उदाहरण देते हुए बताया कि वे मेडिकल की पढ़ाई बीच में छोड़कर राजनीति के क्षेत्र में आ गए। उन्होंने कहा कि आज सरकार विद्यार्थियों की हर संभव मदद कर रही है। निःशुल्क स्कूटी, साइकिल, ड्रेस और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएँ छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। विधायक ने कहा कि विधायक और सांसद योजनाएँ बनाते हैं और प्रशासन उन योजनाओं को जनता तक पहुँचाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएँ और मेहनत व लगन से पढ़ाई कर अपने माता-पिता, समाज और जिले का नाम रोशन करें। श्री धुर्वे ने कहा कि शिक्षा ही ऐसा साधन है, जो जीवन की दिशा बदल सकती है और आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते का संबोधन
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री निःशुल्क स्कूटी वितरण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रगति के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएँ चला रही है। उन्होंने कहा कि साइकिल योजना, ड्रेस योजना, मध्यान्ह भोजन और अब स्कूटी वितरण जैसी योजनाएँ विद्यार्थियों को शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री परस्ते ने कहा कि शासन की मंशा है कि किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई केवल साधनों की कमी के कारण बाधित न हो। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं से कहा कि वे इस सहयोग का सदुपयोग करें और पूरी लगन से पढ़ाई कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएँ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के युवा आने वाले समय में शिक्षा, रोजगार और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।










