
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं
—
खण्डवा//जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता प्रत्येक मंगलवार को नागरिकों की समस्याएं सुनकर सम्बंधित अधिकारियों के माध्यम से उनका निराकरण करवाते हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में राधाबाई निवासी ग्राम सावखेड़ा तहसील खण्डवा ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उसने ग्राम पंचायत सावखेड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक उसे राशि नहीं मिली है। जिस पर उन्होंने जिला पंचायत के सीईओ को आवेदक की पात्रता का परीक्षण कर आवश्यक मदद दिलाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्री के. आर. बड़ोले, डिप्टी कलेक्टर श्री दिनेश सावले सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।
जनसुनवाई में सिंगोट की श्री दादाजी धाम एवेन्यू कॉलोनी निवासी ग्रामीणों ने कॉलोनाइजर द्वारा कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न कराने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने खण्डवा एसडीएम को मामले की जांच कर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में हरसूद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत सात्री के सरपंच व अन्य ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उनके गांव में सार्वजनिक चबूतरा या चौपाल निर्माण के लिए शासकीय भूमि की आवश्यकता है। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने एसडीएम हरसूद को ग्रामीणों की समस्या के निराकरण करने के निर्देश दिए।












