
दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में मंगलवार सुबह 10 बजे NDA संसदीय दल की बैठक हुई। इसमें NDA सांसदों ने पहलगाम हमले पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत सरकार की कार्रवाई के लिए PM नरेंद्र मोदी को सम्मानित किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने PM मोदी को हार पहनाया। इस दौरान सांसदों ने ‘हर-हर महादेव’, ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। PM मोदी ने सांसदों को संबोधित किया। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने कहा, ‘बिहार में वोटर्स लिस्ट रिविजन के मुद्दे पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। देश की जनता सब देख रही है।’
संसदीय दल की बैठक में भाजपा और उसके सभी सहयोगी दलों के सांसद शामिल हुए। सभी NDA सांसदों का बैठक में शामिल होना अनिवार्य था। सांसदों को NDA सरकार के 11 साल के कार्यकाल पर, ’11 साल,11 बड़े फैसले’ शीर्षक वाली किताब दी गई।
21 जुलाई से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र के दौरान NDA सांसदों की यह पहली बैठक थी। वहीं, जून 2024 में केंद्र में तीसरी बार वापसी के बाद किसी संसद सत्र के दौरान NDA सांसदों की यह दूसरी बैठक थी।
NDA सांसदों की बैठक की तस्वीरें…

क्या है ऑपरेशन सिंदूर? जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे। इसके जवाब में भारत ने 7 मई को रात डेढ़ बजे ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। सेना ने देर रात 1:51 बजे सोशल मीडिया पर ऑफिशियल बयान जारी कर कहा- इंसाफ हो गया। साथ में ऑपरेशन सिंदूर की फोटो भी शेयर की।
इसके तहत भारत ने पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकाने तबाह किए थे। भारत ने 10 मई तक चले संघर्ष में पाकिस्तान के कई एयरबेस पर भी हमले किए थे। इसमें एयरबेस के रनवे, हैंगर और इमारतों को नुकसान पहुंचा था। इनमें सरगोधा, नूर खान (चकलाला), भोलारी, जैकोबाबाद, सुक्कुर और रहीम यार खान एयरबेस शामिल हैं।










