मोरना। शुक्रताल निवासी श्याम सिंह ने अपने बेटे प्रेम सिंह की आत्महत्या को लेकर भोपा थाना पुलिस को दी गई तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपों के अनुसार, प्रेम सिंह की पत्नी आरती और एक दिल्ली निवासी युवक की नजदीकियों ने उसे इस कदर मानसिक रूप से तोड़ दिया कि उसने ज़हर खाकर जान दे दी।श्याम सिंह ने बताया कि प्रेम सिंह ने करीब 12 साल पहले दिल्ली के जौहरीपुर निवासी आरती से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बेटे—नकुल (9 वर्ष) और अवी (6 वर्ष)—हैं। तहरीर के अनुसार, आरती के दिल्ली निवासी एक युवक से अवैध संबंध थे। प्रेम सिंह ने आरती को उस युवक से फोन और वीडियो कॉल पर बातचीत करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया था। इस घटना के बाद से प्रेम सिंह अवसाद में चला गया और उसने लोगों से बातचीत बंद कर दी थी।परिजनों के अनुसार, प्रेम सिंह ने पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरती ने संबंध तोड़ने से इनकार कर दिया और उल्टा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी। 29 मई को आरती अचानक कीमती जेवरात और सामान लेकर घर से चली गई। प्रेम सिंह ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मानसिक तनाव, अपमान और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर 30 मई को प्रेम सिंह ने पैराक्विट ज़हर खा लिया।गंभीर हालत में उसे पहले मुज़फ्फरनगर के निजी अस्पताल, फिर एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां 12 जून को उसकी मौत हो गई। प्रेम सिंह के पिता का आरोप है कि अब आरती का भाई भी पूरे परिवार को धमकियां दे रहा है और कह रहा है कि अगर कोई कार्रवाई की गई, तो दिल्ली कोर्ट के चक्कर कटवाए जाएंगे या प्रेम सिंह जैसा अंजाम भुगतना पड़ेगा। भोपा थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
0 1 minute read










