10 हजार रु की रिश्वत लेते 2 शिक्षकों को दबोचा
धुलिया एसीबी ने की कारवाई

चालीसगांव- तहसील क्षेत्र के मेहुनबारे स्थित गिरना विद्या प्रसारक मंडल के उपशिक्षक गुलाब वीरभान सालुंखे और उपशिक्षक उल्हास भास्करराव बागुल को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते धुलिया रिश्वत निरोधक विभाग ने पकड़ा। शुक्रवार दोपहर हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता के बेटे ने गिरना विद्या प्रसारक मंडल के मेहुनबारे माध्यमिक विद्यालय से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की है। उक्त संस्था के मेहुनबारे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 11वीं विज्ञान वर्ग में प्रवेश के बारे में जानकारी लेने के लिए शिकायतकर्ता और उसका बेटा 27 मई को स्कूल में जाकर सहायक शिक्षक गुलाब सालुंखे और क्लर्क पंजाबराव देशमुख से मिले। फिर उन्होंने शिकायतकर्ता को बताया कि उन्हें अपने बेटे के प्रवेश के लिए 20हजार रु देने होंगे। इसमें से 10 हजार रु ऑनलाइन आवेदन करने के बाद और शेष 10 हजार रु स्कूल में प्रवेश लेते समय देने होंगे। शिकायतकर्ता ने 28 मई को एसीबी से शिकायत की। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया, तो सहायक शिक्षक सालुंखे ने शिकायतकर्ता से कक्षा 11वीं विज्ञान के लिए प्रवेश कार्य कराने के लिए 20 हजार रु की रिश्वत मांगी। शुक्रवार को एसीबी ने सहायक शिक्षक गुलाब सालुंखे को स्कूल परिसर में शिकायतकर्ता से 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। इस बारे में उप शिक्षक गुलाब वीरभान सालुंखे और उप उल्हास भास्करराव बागुल के खिलाफ मेहुनबारे थाने में मामला दर्ज किया गया है।










