
एडिटर/संपादक/तनीश गुप्ता,खण्डवा
*सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन संपन्न*
खण्डवा// पुलिस लाइन ग्राउंड में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 400 नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र तारणेकर , श्री अनिल पाटिल ,साइबर सेल प्रभारी श्रीमती गायत्री सोनी, अग्नि सुरक्षा अधिकारी श्री कार्तिक जैन, डॉक्टर, एसडीईआरएफ से श्री रविन्द्र मेहिवाल, श्री अनिल पाटिल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
*फायर सेफ्टी पर प्रशिक्षण – श्री कार्तिक जैन*
कार्यक्रम की शुरुआत फायर सेफ्टी अधिकारी श्री कार्तिक जैन द्वारा की गई। उन्होंने नागरिकों को आग के विभिन्न प्रकारों के बारे में बताया और समझाया कि आग से बचने के लिए कौन-कौन सी सावधानियाँ और रणनीतियाँ अपनाई जानी चाहिए।
*फायर ब्रिगेड द्वारा प्रयुक्त विभिन्न नॉजल्स*– जैसे वाटर स्प्रे, फोम स्प्रे और अग्निशामक यंत्रों की उपयोगिता का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि आग लगने की स्थिति में स्वयं की रक्षा करना सर्वप्रथम प्राथमिकता होनी चाहिए। कपड़ों में आग लगने पर ज़मीन पर गोल-गोल लुढ़कने जैसी तकनीकों को बताया गया।
*प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) प्रशिक्षण – डॉक्टर श्री नितिन कपूर एवं डॉ आलोक भूषण*
इसके पश्चात डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की प्रक्रिया को समझाया, जिसमें हृदय को पंप करने की विधि, मुँह से मुँह सांस देने की तकनीक, तथा रक्त संचार बनाए रखने के उपाय सम्मिलित थे।
*एसडीईआरएफ टीम द्वारा राहत कार्य का प्रशिक्षण – श्री रविन्द्र मेहिवाल*
एसडीईआरएफ से श्री रविन्द्र मेहिवाल एवं उनकी टीम ने बताया कि आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को किस प्रकार स्ट्रेचर की सहायता से सुरक्षित रूप से स्थानांतरित किया जाता है। उन्होंने स्ट्रेचर के विभिन्न प्रकारों जैसे – बाँस और कंबल से बना, केवल कंबल वाला, तथा मरीज के कपड़ों से तैयार किया गया स्ट्रेचर – की जानकारी दी।
साथ ही 2 हैंड सीट, 3 हैंड सीट, 4 हैंड सीट तकनीकों और बचाव कार्यों में प्रयुक्त उपकरण जैसे कटर, सॉ मशीन आदि का प्रदर्शन भी किया गया।
*साइबर जागरूकता प्रशिक्षण – श्रीमती गायत्री सोनी*
साइबर सेल प्रभारी श्रीमती गायत्री सोनी ने नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किसी भी .apk या अज्ञात फाइल को डाउनलोड करने से बचना चाहिए। व्हाट्सएप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से लागू करें।
उन्होंने ऑनलाइन पेमेंट सुरक्षा, ईमेल आईडी सुरक्षा एवं डिजिटल सतर्कता के उपायों पर भी प्रकाश डाला।
*सॉल्वेज (Salvage) प्रशिक्षण – श्री अनिल पाटिल*
श्री अनिल पाटिल ने सॉल्वेज विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने बताया कि आपदा या दुर्घटना के बाद किस प्रकार महत्वपूर्ण वस्तुओं को बचाया जा सकता है, और राहत कार्यों में किस प्रकार दक्षता पूर्वक कार्य करना चाहिए। उन्होंने सॉल्वेज के दौरान सुरक्षा के उपायों और प्राथमिकताओं की जानकारी दी।
*भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन व्यवस्था – श्री महेन्द्र तारणेकर(ASP)*
एएसपी श्री महेन्द्र तारणेकर ने भीड़ नियंत्रण के संबंध में ज्ञानवर्धक बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि आपदा के समय सायरन बजने की स्थिति में नागरिकों को क्या करना चाहिए, और ब्लैकआउट जैसी परिस्थिति में किस प्रकार शांतिपूर्वक एवं संयम से कार्य लेना चाहिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन के दौरान सामूहिक अनुशासन और संचार व्यवस्था की भूमिका पर बल दिया।
*उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों की सहभागिता*
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री महेन्द्र तारणेकर (एएसपी), श्रीमती प्रियंका राजावत (आयुक्त), श्री एस. आर. सिटोले (उपायुक्त), श्रीमती गायत्री सोनी (साइबर प्रभारी), श्री कार्तिक जैन (फायर सेफ्टी अधिकारी), डॉक्टर श्री नितिन कपूर एवं आलोक भूषण , श्री रविन्द्र मेहिवाल (एसडीईआरएफ), श्री अनिल पाटिल (सॉल्वेज प्रशिक्षक) सहित नगर निगम एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।










