
शिव महापुराण में पहुंचीं विधायक कंचन मुकेश तनवे, ग्रामीणों की मांग पर मांगलिक कार्यों हेतु टीन शेड के लिए ₹15 लाख की घोषणा
खण्डवा//क्षेत्र की विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे ग्राम सरई में आयोजित शिव महापुराण कथा में शामिल होकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तथा कथा का श्रवण कर क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने विधायक तनवे के समक्ष मांगलिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थायी टीन शेड (टीन सेट) निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों की इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को देखते हुए विधायक तनवे ने टीन शेड निर्माण हेतु विधायक निधि से ₹15 लाख की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
घोषणा होते ही उपस्थित ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामवासियों ने विधायक तनवे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस टीन शेड के निर्माण से विवाह, सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न सामुदायिक आयोजनों के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
अपने संबोधन में विधायक तनवे ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और जनता की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे और प्रत्येक गांव के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं शिव महापुराण कथा में शामिल श्रद्धालु उपस्थित रहे। विधायक कन्वे ने कहा कि आप चिंता ना करें क्षेत्र के विकास के लिए 24 घंटे आपकी सेवा में उपलब्ध हूं और भी जहां आपको जो लगेगा आपकी सेवा में कोई कमी नहीं आने दूंगी।











