उत्तर प्रदेशताज़ा ख़बरें

सावन माह में कांवड़ यात्रा को मद्देनजर रखते हुए जीटी रोड का उत्तरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दिया गया

कावड़ यात्रियों

भदोही । सावन माह में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जीटी रोड का उत्तरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दिया गया है। मौसम अनुकूल होने के साथ ही अब बड़ी संख्या में कांवड़ियों का जत्था हाईवे पर दिखाई देने लगा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ऊंज बॉर्डर से बाबूसराय तक लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने में जुटी हुई है।
इसी अभियान के तहत गुरुवार को यातायात उप निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने जंगीगंज के किशुनदेवपुर स्थित कांवड़ सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर के आयोजकों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले सभी वाहनों को सड़क के किनारे व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाए तथा सर्विस लेन पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए, जिससे कांवड़ियों के आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
यातायात उप निरीक्षक ने शिविर के समीप आवश्यक बैरिकेडिंग एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क रहें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
शिविर आयोजक मंडल के स्वामी अभेदानंद ने कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में पुलिस और प्रशासन द्वारा किए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!