ताज़ा ख़बरें

बसंतपुर-कारीआम मार्ग पर जर्जर पुल बना जानलेवा, बीच पुल पर निकली लोहे की पट्टी, छड़

जिले के बसंतपुर-कारीआम मुख्य मार्ग पर स्थित घटौली और कारीआम के बीच बने पुल की हालत बेहद चिंताजनक हो गई है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीन आने वाला यह पुल अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। पुल पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, वहीं पुल के बीचों-बीच लगी लोहे की पट्टी और सरिया उखड़कर ऊपर निकल आए हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया, यात्री बसें, स्कूल वाहन और भारी मालवाहक वाहन गुजरते हैं। पुल की जर्जर स्थिति के कारण वाहन चालकों को मजबूरन धीमी गति से गुजरना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के बीच से बाहर निकली लोहे की पट्टी कई वाहनों के लिए मुसीबत बन चुकी है। इस वजह से कई चारपहिया वाहनों के टायर फट चुके हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालक भी कई बार संतुलन खोते-खोते बचे हैं। यदि समय रहते इस पुल की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है,

लगातार बढ़ती क्षति के बावजूद मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। पुल की हालत दिन-ब-दिन और खराब होती जा रही है तथा यदि शीघ्र सुधार कार्य नहीं कराया गया तो पुल की संरचना पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को पहले ही इस गंभीर समस्या का समाधान करना चाहिए।

फिलहाल पेंड्रा-बसंतपुर- कारीआम मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोग हर दिन जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। अब देखने वाली बात होगी कि लोक निर्माण विभाग इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेकर पुल की मरम्मत कराता है, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!