
कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर शोध कर खंडवा के अमर यादव बने ‘डॉ. आशीष यादव’
राजनीति विज्ञान में पीएचडी की उपाधि, वैश्विक शासन व्यवस्था पर प्रस्तुत किया शोध।
खंडवा। शहर के सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अमर यादव ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित करते हुए स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय, सागर से राजनीति विज्ञान विषय में विद्या वाचस्पति (पीएचडी) की उपाधि प्राप्त की है। समाजसेवी वह प्रवक्ता सुनील जैन ने डॉ अमर यादव को बधाई शुभकामना देते हुए बताया कि इस उपलब्धि के उपरांत अब उन्हें औपचारिक रूप से डॉ. आशीष यादव के नाम से संबोधित किया जाएगा।
डॉ.(अमर )आशीष यादव का शोध विषय “वैश्विक शासन व्यवस्था पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता का राजनीतिक प्रभाव” रहा। अपने शोध में उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वैश्विक राजनीति, नीतिगत निर्णयों तथा शासन प्रणाली पर पड़ने वाले प्रभावों का गहन एवं समसामयिक अध्ययन प्रस्तुत किया है। यह शोध वर्तमान तकनीकी युग में वैश्विक परिदृश्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि डॉ. आशीष यादव पार्षद के साथ नगर निगम के अध्यक्ष एवं राजनीति के कई पदों पर रहे हैं खंडवा की महापौर अमृता यादव के पति तथा पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ पहलवान स्वर्गीय हुकुमचंद यादव के सुपुत्र हैं। वे लंबे समय से सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
उनकी इस शैक्षणिक उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। शुभचिंतकों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. आशीष यादव शिक्षा, शोध और समाजसेवा के क्षेत्र में भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे तथा युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे।












