झारखंड

एसआईआर के तहत जनसुनवाई में दस्तावेजों की हुई जांच

चौपारण। एसआईआर के तहत दावा-आपत्ति के निराकरण को लेकर सोमवार को प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और बूथों पर जनसुनवाई शिविर आयोजित किए गए। शिविर में मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

पंचायत चोरदाहा के बूथ संख्या 1, 2 और 3 में बीडीओ नितेश भास्कर, चौपारण पंचायत भवन स्थित बूथ संख्या 53, 54 और 55 में सीओ संजय यादव तथा बसरिया में कार्यपालक दंडाधिकारी दीपा खलखो की मौजूदगी में जनसुनवाई हुई। बच्छई पंचायत में जिला नियोजन पदाधिकारी की उपस्थिति में दावा-आपत्ति का निराकरण किया गया। वहीं ब्रह्मोरिया और गोबिंदपुर पंचायत में भी शिविर आयोजित किए गए।

एसडीओ जोहन टूड्डू ने बच्छई, बसरिया समेत विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि पैरेंटल मैपिंग के दौरान जरूरी दस्तावेज नहीं देने, मतदाता के बाहर रहने, सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराने अथवा वर्ष 2003 की एसआईआर मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण मैपिंग से वंचित मतदाताओं को नोटिस देकर जनसुनवाई में बुलाया गया था।

नियम के अनुसार 1 अगस्त 1987 से पहले जन्मे मतदाताओं को निर्धारित दस्तावेज में से एक, 1 अगस्त 1987 के बाद और 2004 से पहले जन्मे मतदाताओं को अपने साथ माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज तथा 2004 के बाद जन्मे मतदाताओं को अपना और माता-पिता दोनों के दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

जनसुनवाई में दस्तावेज एवं पहचान का सत्यापन कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की दिशा में कार्रवाई की गई। मंगलवार को चोरदाहा, दैहर, पांडेयबारा समेत अन्य पंचायतों में भी जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!