
चौपारण। रानीक मोड़ स्थित ज्ञान कुंज इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति, कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न रंगों, धागों और सजावटी सामग्रियों से आकर्षक राखियां तैयार कीं। बच्चों की बनाई रंग-बिरंगी राखियों से विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
विद्यार्थियों की राखियों में सृजनशीलता के साथ भाई-बहन के पवित्र प्रेम, भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। उनकी प्रतिभा और मेहनत ने विद्यालय परिवार का मन मोह लिया।विद्यालय के प्रधानाचार्य नन्दकिशोर कुमार ने कहा कि बच्चों ने राखी निर्माण के माध्यम से अपनी अद्भुत रचनात्मकता और कला का परिचय दिया है। राखियों में केवल रंग और धागे ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और भाई-बहन के प्रेम की भावनाएं भी दिखाई देती हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह और सचिव सर्वजीत कुमार सिंह ने भी बच्चों की प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन प्रतिभा, संस्कार और सृजनशीलता का सुंदर संगम बनकर उभरा।












