प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को युवाओं से करेंगे वर्चुअल संवाद , युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक किया जाएगा
—
खण्डवा//भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत “माय भारत” द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत आगामी 2 अगस्त को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को वर्चुअली संबोधित करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक एवं संगठित करना तथा नशा मुक्त भारत और विकसित भारत@2047 के संकल्प में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। जिला युवा अधिकारी सुश्री पल्लवी दुबे ने बताया कि देशभर में लगभग 10 हजार स्थानों पर युवाओं को वर्चुअल रूप से जोड़ा जाएगा । इसी क्रम में माय भारत, खंडवा द्वारा जिले में 50 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें माय भारत वॉलंटियर्स, एनएसएस स्वयंसेवक, युवा क्लबों, स्कूल कॉलेजों, आध्यात्मिक संगठनों एवं अन्य युवा संगठनों की सहभागिता रहेगी।
इस कार्यक्रम के दौरान वॉकाथॉन, खेल एवं फिटनेस गतिविधियां, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक तथा सिग्नेचर कैंपेन जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रतिभागी सामूहिक रूप से “नशा मुक्ति शपथ” लेंगे और स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी नशे के विरुद्ध प्रेरित करने का संकल्प करेंगे।
100 सप्ताह तक चलेगा अभियान
“नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान को केवल एक दिवसीय आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा। प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल संवाद के बाद 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार खेल, संस्कृति, फिटनेस, ध्यान, जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे नशा मुक्ति का संदेश एक सतत युवा जनआंदोलन का रूप ले सके। माय भारत, खंडवा द्वारा जिले के युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और नशा मुक्त युवा, विकसित भारत के संकल्प को जनआंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।








