
भोपाल में लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में मुख्यमंत्री श्री यादव ने की कई घोषणाए।

लोकतंत्र सेनानियों को तीर्थ यात्रा कराने के साथ इलाज का खर्चा भी उठाएगी सरकार।
लोकतंत्र सेनानी संयोजक सुरेंद्र अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का माना आभार।
खंडवा। शुक्रवार को रविंद्र भवन भोपाल में आपातकाल की स्मृति में संविधान हत्या दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया गया। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि जिला मुख्यालय खंडवा में भी गुरुवार को संगोष्ठी के साथ लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया गया। मैं भोपाल में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में पूरे प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 1947 की आजादी भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद ने दिलाई तो लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल से आजादी दिलवाई, आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष से भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश बना है। लोकतंत्र सेनानियों ने संविधान और देश को बचाने के लिए जो मशाल जलाई है उसे बुझने नहीं देना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आपातकाल के दौरान कठिन यातनाएं झेलने वाले लोकतंत्र सेनानियों को मैं नमन करता हूं। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि लोकतंत्र सेनानियों के लिए मुख्यमंत्री श्री यादव ने कई घोषणा की जिसमें रेस्ट हाउस में उनके रुकने की व्यवस्था होगी। लोकतंत्र सेनानियों के योगदान के लिए शासकीय भवन, मार्ग, पार्क व सड़क का नाम रखा जाएगा। लोकतंत्र सेनानियों और स्वतंत्रता सेनानियों के इलाज की व्यवस्था मध्यप्रदेश सरकार करेगी, साथ ही गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए एयर एंबुलेंस की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी लोकतंत्र सेनानियों को ताम्रपत्र दिया जा रहा है, जिन लोकतंत्र सेनानियों को अभी तक ताम्रपत्र प्राप्त नहीं हो सका है, उन्हें जिला प्रशासन जल्दी ही ताम्रपत्र उपलब्ध कराएगा। हमारी सरकार में प्रदेश भर के सभी वरिष्ठ नागरिकों को शासकीय कार्यालयों में सम्मान दिया जाता है और उनके सुझावों व कठिनाइयों को समझकर स्थानीय स्तर पर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप सभी लोकतंत्र सेनानियों के संघर्षों का परिणाम है कि भारत लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते हुए हर कसौटी पर खरा उतर रहा हें। इन घोषणाओं के लिए खंडवा लोकतंत्र सेनानियों के संयोजक सुरेंद्र अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री यादव लोकतंत्र सेनानियों की पीड़ा समझते हैं क्योंकि स्वयं लोकतंत्र सेनानी के पुत्र हैं। लोकतंत्र सेनानियों को पूरा सम्मान भाजपा की सरकार द्वारा मिल रहा है।









