

सिवनी अपर कलेक्टर न्यायालय लखनादौन में रीडर के पद पर कार्यरत सहायक ग्रेड-03 माधव प्रसाद तिवारी को रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर नेहा मीना ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक राजस्व प्रकरण से जुड़े कार्य के बदले आवेदक से रिश्वत मांगने की शिकायत पर लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने 16 जून को सिवनी में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय माधव प्रसाद तिवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
मामले को गंभीर कदाचार मानते हुए कलेक्टर ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत निलंबन आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय कुरई निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिवारी के पास मौजूद कार्यभार अस्थायी रूप से सहायक ग्रेड-02 मदन कुमरे को सौंपा गया है, जो आगामी आदेश तक अतिरिक्त दायित्व संभालेंगे।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के मामलों में प्रशासन की सख्त नीति के रूप में देखा जा रहा है।











