

सिवनी/धूमा। लखनादौन विधानसभा क्षेत्र के विधायक योगेंद्र सिंह बाबा गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। हादसा धूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर हुआ, जब विधायक जबलपुर से लखनादौन की ओर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक का वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी बाउंड्री से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि विधायक, उनके ड्राइवर और गनमैन ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
दुर्घटना में विधायक सहित तीनों लोगों को चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा तथा घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल लखनादौन पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में तीनों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद वाहन में आग की लपटें उठने लगी थीं। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। आग लगने से वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।











