ताज़ा ख़बरें

खंडवा के विकास को मिलेगी रफ्तार: विधायक कंचन तनवे की मांगों पर मंत्री लोधी का भरोसा

खास खबर

खंडवा के विकास को मिलेगी रफ्तार: विधायक कंचन तनवे की मांगों पर मंत्री लोधी का भरोसा

खंडवा में विकास और पर्यटन को नई दिशा देने की कवायद तेज होती नजर आ रही है। प्रभारी मंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय जरूरतों और संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण मांगें सामने आईं, जिन पर जल्द कार्रवाई का भरोसा भी मिला है।

खंडवा। जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी का शनिवार को खंडवा दौरा विकास की दृष्टि से अहम रहा। उन्होंने कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की, वहीं राज्यपाल के साथ बड़ौदा अहीर में जननायक टंट्या मामा की जन्मस्थली पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि दौरे के दौरान मंत्री लोधी स्थानीय विधायक कंचन तनवे के बुलावे पर उनके निवास पर पहुंचे, जहां उनका विधायक कंचन तनवे, मुकेश तनवे द्वारा पारंपरिक तिलक कर शाल श्रीफल एवं पुष्प माला से स्वागत अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर श्रीमती तनवे ने सभी उपस्थित अतिथियों का स्वागत भी किया। इस अवसर पर विधायक तनवे ने खंडवा जिले एवं विधानसभा के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
विधायक ने खंडवा-मूंदी मार्ग के निर्माण की मांग रखते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लिए जीवनरेखा साबित हो सकती है। लंबे समय से लंबित यह परियोजना पूरी होने पर आवागमन में सुविधा के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही उन्होंने शहर के चारों ऐतिहासिक कुंडों के जीर्णोद्धार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन स्थलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण जरूरी है। यदि इन्हें पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए तो खंडवा को एक नई पहचान मिल सकती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
मंत्री लोधी ने विधायक की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि खंडवा-मूंदी मार्ग के निर्माण की दिशा में जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
साथ ही उन्होंने ऐतिहासिक कुंडों के जीर्णोद्धार के लिए भी प्रयास जारी होने की बात कही। मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन विकास को लेकर प्रतिबद्ध है, और खंडवा को इस दिशा में प्राथमिकता दी जाएगी। स्वागत के इस कार्यक्रम में विधायक निवास प्रभारी मंत्री श्री लोधी के साथ ही कलेक्टर ऋषव गुप्ता, डीआईजी मनोज राय, जिला पंचायत सीईओ नागार्जुन गौड़ा, धर्मेंद्र बजाज, हरीश कोटवाले, प्रवक्ता सुनील जैन, अरुण सिंह मुन्ना, सेवादास पटेल, बलदेव मौर्य सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
मंत्री के इस दौरे और विधायक की सक्रियता से यह उम्मीद की जा रही है कि खंडवा में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को जल्द गति मिलेगी और शहर को विकास एवं पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकेगी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!