
राज्यपाल श्री पटेल ने जिला प्रशासन के नवाचार की सराहना की
—
विद्यार्थियों से किया संवाद, और बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
—
खण्डवा//
प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने शनिवार को खंडवा जिले के ग्राम बड़ौदा अहीर स्थित जननायक टंट्या भील के स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद स्कूली विद्यार्थियों से संवाद किया और उनसे सामान्य ज्ञान के विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने कुशलतापूर्वक जवाब दिया। उन्होंने इस अवसर पर विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी और स्कूल में काम आने वाली लेखन सामग्री भी भेंट की। राज्यपाल श्री पटेल ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन भी किया।
विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान राज्यपाल श्री पटेल का ध्यान दीवाल पर लगे एक बड़े फोटो पर गया, जिसमें विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, पुलिस, शिक्षक की वेशभूषा में थे। राज्यपाल श्री पटेल ने जब इस फोटो के संबंध में पूछताछ की, तो अधिकारियों ने उन्हें बताया कि गत दिनों कन्या आश्रम राजगढ़ में रहने वाले बच्चों से पूछा गया था, कि कौन क्या बनना चाहता है तो किसी बच्चे ने कहा कि वह डॉक्टर बनना चाहता है, तो किसी ने इंजीनियर बनने की इच्छा जाहिर की थी। बच्चे जो बनना चाहते थे, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से उसी पद से सम्बंधित वेशभूषा में उनका फोटो तैयार कराकर छात्रावास के प्रमुख स्थान पर लगाया गया, ताकि बच्चे प्रतिदिन आते जाते समय उस सामूहिक फोटो को देखकर प्रेरित हो सकें और उसी के अनुरूप अच्छी पढ़ाई कर अपनी मंजिल पा सकें। राज्यपाल श्री पटेल ने जिला प्रशासन के इस नवाचार की सराहना की और अन्य छात्रावास-आश्रमों में भी इस तरह का प्रयोग करने के लिए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता से कहा।








