
गर्म पानी से पेट की सिकाई एवं काली मिट्टी लेपन चिकित्सा से रोगों में राहत
प्राकृतिक स्वास्थ्य शिविर में बताए पेट संबंधी रोगों के प्रभावी उपाय
खण्डवा। नवकार नगर स्थित नक्षत्र गार्डन में अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रेरणा एवं लायन्स क्लब खण्डवा व लियो क्लब खण्डवा के सहयोग से आयोजित पाँच दिवसीय शरीर शुद्धि प्राकृतिक चिकित्सा शिविर में प्रातःकालीन सत्र के दौरान बड़ी संख्या में शिविरार्थियों ने सहभागिता कर प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
समाजसेवी नारायण बाहेती एवं सुनील जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में देव संस्कृति विश्व विद्यालय से प्रशिक्षित प्राकृतिक चिकित्सक एवं न्यूरोथेरेपिस्ट आचार्य सुरेश चौधरी द्वारा योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसके पश्चात उन्होंने पेट संबंधी रोगों की विस्तृत जानकारी देते हुए उनके सरल एवं प्रभावी प्राकृतिक उपचार बताए।
आचार्य सुरेश चौधरी ने बताया कि गर्म पानी से पेट की सिकाई एवं काली मिट्टी का लेपन पाचन तंत्र को मजबूत बनाने, त्वचा संबंधी रोगों में राहत देने तथा शरीर को प्राकृतिक रूप से शीतलता प्रदान करने में अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि मिट्टी लेपन के बाद सूर्य की किरणों एवं शुद्ध वायु के संपर्क में आने से शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक तनाव में कमी आती है।
शिविर प्रमुख डॉ. अजय लाड़ एवं लोकेश स्वामी ने बताया कि शिविर के दौरान वुमन चिकित्सा सहित विभिन्न प्राकृतिक उपचार विधियों का भी अभ्यास कराया जा रहा है। सह आचार्य मनोज चौरे ने योग एवं प्राणायाम की बारीकियों से शिविरार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अग्निहोत्र का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण की शुद्धि के साथ सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। अग्निहोत्र में श्रीमती नीतू आर्य, संतोष जायसवाल, पंकज लाड़,सुनील जैन, पुष्पा संतवाणी, मनीषा संतवाणी, श्रीमती तप्ति शर्मा, श्रीमती नमिता गौर, श्रीमती ममता गौर, श्रीमती उर्वशी पटेल, नितेश पटेल, देवकीनंदन, अजय लाड़, लोकेश स्वामी, लियो अध्यक्ष सुमित परिहार, रविंदर कौर सलूजा, पिंकी राठौड़, पूनम भारती, आशा अग्रवाल, श्रीमती महिंद्रा थरने, अलका गौर सहित लायन्स, लियो एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्य एवं गणमान्य नागरिकों ने आहुति प्रदान की।









