
प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने भावसिंह पुरा में नाला गहरीकरण के लिए श्रमदान किया
—
खण्डवा//
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा खण्डवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने शनिवार शाम को ग्राम भावसिंहपुरा में आयोजित कार्यक्रम में नाला गहरीकरण के लिए श्रमदान किया। इस अवसर पर खण्डवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, खण्डवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार राय, वन मंडल अधिकारी श्री राकेश डामोर, जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा और पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सेवा दास पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने इस अवसर पर कहा कि खंडवा जिले में गत वर्ष जल संरक्षण के लिए सराहनीय कार्य किए गए। जिससे खंडवा जिले का नाम देश और प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। उन्होंने ग्राम भावसिंहपुरा के ग्रामीणों की समस्या को ध्यान में रखते हुए गांव की पेयजल समस्या के त्वरित निराकरण के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। प्रभारीमंत्री श्री लोधी ने इस अवसर पर कहा कि वर्षा के पानी को व्यर्थ बहने नहीं देना है। वर्षा के पानी को रोक कर हम गांव का भूजल स्तर बढ़ा सकते हैं। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को वर्षा का पानी रोकने, और पानी का अपव्यय न करने के लिए प्रेरित किया।







