
2027 की जनगणना के लिए अधिकारियों को दी ट्रेनिंग
—
खण्डवा//
जनगणना-2027 के सम्बंध में अधिकारियों को आवश्यक जानकारियां देने के उद्देश्य से 2 दिवसीय ट्रेनिंग गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस ट्रेनिंग में जिले के सभी एसडीएम, आयुक्त नगर निगम, तहसीलदार तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री ऋषव गुप्ता ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक 10 वर्ष में होने वाली जनगणना के कार्य के लिए पूरी गंभीरता से ट्रेनिंग लें। उन्होंने बताया कि जनगणना के लिए 15 से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को उनकी जानकारी जनगणना पोर्टल में स्वयं ही भरने की सुविधा दी जाएगी।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस दौरान बताया कि जनगणना-2027 के तहत मई-2026 माह में सर्वे कर घरों की लिस्टिंग का कार्य शुरू हो जाएगा। प्रशिक्षण में मकानों के सूचीकरण तथा नम्बरिंग की प्रक्रिया अधिकारियों को समझाई गई तथा बताया गया कि कोई भी मकान सूचीकरण से छूटना नहीं चाहिए। प्रत्येक मकान को एक अलग नम्बर देना होगा। प्रशिक्षण में बताया गया कि फरवरी 2027 में घर-घर जाकर जनगणना की जानकारी एकत्र की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को भारत की जनगणना के संबंध में संक्षिप्त परिचय एवं नीति निर्माण सहित जनगणना-2027 के मुख्य बिंदुओं एवं प्रक्रियाओं के बारे में अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना 2027 के लिए डेटा कलेक्शन और जांच की प्रक्रिया के संबंध में भी बताया गया। यह प्रशिक्षण भोपाल से आये संभाग प्रभारी श्री अभिमन्यु अरोड़ा और जिले के जनगणना प्रभारी श्री जे.एल. साकेत द्वारा दिया गया










