ताज़ा ख़बरें

*भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में पेसा मोबिलाइजरों ने रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन*

*जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने कहा – सेवा समाप्ति से हजारों परिवारों के सामने खड़ा होगा आजीविका का संकट*

*भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में पेसा मोबिलाइजरों ने रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन*
*जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने कहा – सेवा समाप्ति से हजारों परिवारों के सामने खड़ा होगा आजीविका का संकट*
खंडवा
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध पंचायत पेसा मोबिलाइजर कर्मचारी संघ के नेतृत्व में पेसा मोबिलाइजरों ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सेवा समाप्ति आदेश निरस्त किए जाने की मांग उठाई। ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर दीक्षा भगोरे को सौंपा गया।
भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने बताया कि प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर के निर्देशानुसार प्रदेशभर में पेसा मोबिलाइजरों की समस्याओं को लेकर आंदोलन एवं ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेसा मोबिलाइजर आदिवासी अंचलों में शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। ऐसे में अचानक सेवा समाप्ति का निर्णय हजारों परिवारों के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा कर देगा।
उन्होंने बताया कि पेसा मोबिलाइजरों ने ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने, पेसा एक्ट एवं वनाधिकार कानून के प्रति जागरूकता फैलाने, शासन और ग्रामीणों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ आयुष्मान कार्ड, राशन, पेंशन, ई-केवाईसी एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मध्यप्रदेश के 20 जिलों की 89 आदिवासी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में वर्ष 2021 से पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पेसा मोबिलाइजर कार्यरत हैं। शासन द्वारा जारी सेवा समाप्ति आदेश से हजारों युवाओं के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न हो गया है।
भारतीय मजदूर संघ एवं पंचायत पेसा मोबिलाइजर कर्मचारी संघ ने मांग की कि सेवा समाप्ति आदेश को तत्काल निरस्त कर नई नीति निर्माण प्रक्रिया पूर्ण होने तक सेवाएं यथावत जारी रखी जाएं, अन्यथा प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान भारतीय मजदूर संघ जिला इकाई अध्यक्ष राजीव मालवीय, सहमंत्री राकेश मालवीय, पंचायत पेसा मोबिलाइजर कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष मिथुन नीलकंठ, महामंत्री मैना गौतम, सचिव करण देवड़ा, प्रवक्ता अनिता सिलाले, विकास राठौर, दुर्गेश गौर, मुकेश मरकाम, दीपक लोवंशी, सुलोचना करोची सहित बड़ी संख्या में पंचायत पेसा मोबिलाइजर कर्मचारी संघ के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!