
गौ सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम: दीदी कृष्ण प्रिया जी ने श्री गणेश गौशाला में किया गौ पूजन, समिति ने किया तुलादान
खंडवा। दादाजी की नगरी खंडवा स्थित श्री गणेश गौशाला में शुक्रवार सुबह गौ सेवा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। देश की प्रसिद्ध संत दीदी कृष्ण प्रिया जी ने गौशाला पहुंचकर विधि-विधान से गौ माता का पूजन, आरती एवं गो-ग्रास कर श्रद्धालुओं को गौ सेवा का महत्व बताया। इस अवसर पर गौशाला समिति द्वारा दीदी श्री का गुड़ एवं अन्य अन्न सामग्री से तुलादान भी किया गया।
दीदी कृष्ण प्रिया जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि “गौ माता की सेवा ही भगवान श्रीकृष्ण की सच्ची सेवा है। यदि हम घर पर गाय नहीं पाल सकते तो गौशालाओं का तन, मन और धन से सहयोग करना चाहिए, ताकि गौ माता सड़कों पर दुर्घटनाओं, अकाल मृत्यु और कूड़ा-कचरा खाने जैसी पीड़ा से बच सके।”
उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में गौ माता को 33 कोटि देवी-देवताओं का स्वरूप माना गया है और गौ सेवा से जीवन में सुख, समृद्धि एवं आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है। दीदी श्री ने समाज से गौ संरक्षण और सनातन मूल्यों को अपनाने का आह्वान भी किया।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि दीदी कृष्ण प्रिया जी इन दिनों खंडवा में आयोजित संगीतमय ‘नानी बाई रो मायरो’ कथा का श्रद्धालुओं को रसपान करा रही हैं। शुक्रवार को श्री गणेश गौशाला में विशेष रूप से गौ सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां पंडित चंद्रशेखर शर्मा के मंत्रोच्चार के बीच दीदी श्री ने गौ माता की पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान गौशाला समिति द्वारा दीदी श्री का गुड़ एवं अन्य सामग्री से तुलादान कर सम्मान किया गया। वहीं गौशाला सचिव रामचंद्र मौर्य ने नवीन गौशाला निर्माण की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए प्रस्तावित गो-आश्रम का नक्शा भी दिखाया। सुनील जैन ने बताया कि गौशाला में दीदी कृष्ण प्रिया जी ने दादाजी महाराज का स्मरण करते हुए कहा कि गौ माता के इस नवीन भव्य परिसर का निर्माण शीघ्र पूर्ण हो, यही उनकी प्रार्थना है।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष राकेश बंसल, सचिव रामचंद्र मौर्य, भूपेंद्र सिंह चौहान, आशीष चटकेले, सुनील जैन, मंगलेश शर्मा, राकेश ठाकुर संजय दुबे, मंगलेश तोमर सहित बड़ी संख्या में गौभक्त एवं मातृशक्ति उपस्थित रही। अंत में गौशाला समिति की ओर से दीदी कृष्ण प्रिया जी को गौ माता का स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन भूपेंद्र सिंह चौहान ने किया तथा आभार प्रदर्शन राकेश बंसल एवं रामचंद्र मौर्य ने माना।





