
सांसद विधायक के प्रयास से मिली क्षेत्र को ऐतिहासिक सौगात,
छैगांव माखन–खंडवा फोरलेन सड़क को मिली मंज़ूरी, 96.33 करोड़ की बड़ी परियोजना।
खंडवा। खंडवा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंधाना विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए क्षेत्र को एक और बड़ी और ऐतिहासिक सौगात मिली है। केंद्र और प्रदेश सरकार से छैगांव माखन से खंडवा तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क परियोजना को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और पंधाना की सक्रिय विधायक छाया मोरे के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की मंजूरी प्राप्त हुई है एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में जिला मुख्यालय खंडवा से छैगाव माखन हाईवे तक 10.475 किलोमीटर लंबी इस फोरलेन सड़क पर कुल 96.33 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति में सांसद श्री पाटिल के साथ ही पंधाना विधायक छाया गोविंद मोरे की भूमिका निर्णायक रही। उनके सतत प्रयासों और दृढ़ संकल्प के चलते यह बहुप्रतीक्षित फोरलेन सड़क परियोजना अब धरातल पर उतरने जा रही है।
फोरलेन सड़क बनने से पंधाना विधानसभा क्षेत्र को न केवल खंडवा से तेज़ और सुरक्षित संपर्क मिलेगा, बल्कि कृषि उपज के परिवहन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योगों को भी सीधा लाभ होगा। साथ ही दुर्घटनाओं में कमी आएगी और क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इस उपलब्धि पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल एवं विधायक छाया गोविंद मोरे ने माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना पंधाना विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।










