
*सीएम हेल्पलाइन एवं एसआईआर सर्वे की समीक्षा बैठक नगर निगम सभागृह में सम्पन्न*
बैठक में शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं डिजिटलाइजेशन कार्य में तेजी लाने पर बल
खण्डवा//नगर निगम खंडवा सभागृह में
आयुक्त श्रीमती प्रियांका राजावत तथा उपायुक्त श्री एस.आर. सिटोले के नेतृत्व में सीएम हेल्पलाइन एवं एसआईआर सर्वे की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना तथा सर्वे कार्यों में गति लाना रहा।
समीक्षा सत्र में शिकायतों की गुणवत्ता, समयबद्ध निस्तारण तथा विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही कार्यवाही पर विस्तृत चर्चा की गई।
*सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में त्वरित निस्तारण के निर्देश*
बैठक में यह स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सीएम हेल्पलाइन की सभी शिकायतों को संतुष्टि के साथ शीघ्र बंद किया जाए। विशेष रूप से सड़क संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता पर निपटाने के लिए कहा गया।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विभागवार शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 95% से अधिक ग्रेडिंग सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में वाटर सप्लाई, राजस्व, बाज़ार शाखा, अतिक्रमण, गार्डन, एनयूएलएम सहित अन्य शाखाओं की लंबित एवं पूर्ण शिकायतों की समीक्षा भी की गई।
*एसआईआर सर्वे की प्रगति की समीक्षा*
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर वर्चुअली जुड़े और एसआईआर सर्वे की प्रगति पर चर्चा की। जिस के बाद आयुक्त ने निर्देशित किया कि प्रतिदिन कुल 10% गणना प्रपत्र फ़ॉर्म का डिजिटलाइजेशन अनिवार्य रूप से किया जाए।
निगम के सभी ज़ोन कार्यालयों तथा मुख्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित की जा चुकी है, जहाँ मतदाताओं को किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान हेतु सहायता प्राप्त हो सकेगी।
*दैनिक डिजिटलाइजेशन लक्ष्य एवं पर्यवेक्षण व्यवस्था*
शहर के 50 वार्डों में 153 केन्द्र स्थापित हैं। इस आधार पर प्रत्येक बीएलओ द्वारा प्रतिदिन कम से कम 200 फ़ॉर्म का डिजिटलाइजेशन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
कार्य की गति बढ़ाने और नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने हेतु निगम कर्मियों की भी ड्यूटी बीएलओ के साथ लगाई जाएगी। इससे सर्वे कार्य की गुणवत्ता में सुधार आएगा और निगरानी प्रभावी ढंग से हो सकेगी।











