
“राष्ट्रीय शिशु सुरक्षा सप्ताह” के तहत स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न
—
खण्डवा//राष्ट्रीय शिशु सुरक्षा सप्ताह 15 नवंबर से 21 नवंबर तक मनाया जा रहा है । इसके तहत शनिवार को श्री दादाजी धूनीवाले जिला चिकित्सालय खंडवा में जन जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजित किया गया। यह शिविर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेड़े की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। श्रीमती वानखेड़े ने इस अवसर पर बताया कि शिशु सुरक्षा सप्ताह मनाने का उद्देश्य लोगों में जन जागृति फैलाना है इसीलिए सभी माता-पिता अपने बच्चों की अच्छी देखभाल करें क्योंकि अच्छी देखभाल एवं संतुलित पोषण आहार के माध्यम से शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम में रोगी कल्याण समिति सदस्य श्री सतनाम सिंह होरा और श्री भावेश बिल्लौरे भी मौजूद थे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ पी जुगतावत ने बताया कि इस वर्ष की मुख्य थीम है ” नवजात सुरक्षा: हर स्पर्श, हर बार, हर शिशु के लिए” नवजात देखभाल के प्रत्येक चरण में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देती है। क्योंकि नवजात अवधि जिसमें जीवन के पहले 28 दिन महत्वपूर्ण होते हैं। नवजात को इसी अवधि में अधिक जोखिम होता है । शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर कृष्णा वास्केल ने इस अवसर पर बताया कि इस सप्ताह के दौरान बच्चों का वजन लिया जाएगा। इसके साथ ही एसएनसीयू , एनबीएसयू से डिस्चार्ज बच्चों का फॉलोअप किया जाएगा। शिविर में कुल 51 नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं परिजनों को आवश्यक परामर्श दिया गया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, आर.एम.ओ. डॉक्टर एम. कलमे, मेडिकल कॉलेज अधीक्षक डॉक्टर रंजीत बडोले, सहायक अधीक्षक डॉ. सुनील बाजोलिया,जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर आर.डी. बाकोरिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।











