
भारत सरकार राष्ट्रीय अपादा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार बाढ़ आपदा से बचाव प्रशिक्षण हेतु गुरुवार को गंगनई जलाशय मरवाही में जिला स्तर पर काल्पनिक अभ्यास किया गया। इस काल्पनिक अभ्यास में एसडीआरएफ टीम, मेडिकल टीम सहित विभिन्न विभागों द्वारा भाग लिया गया। पहला अभ्यास भारी बारिश के कारण जलमग्न होने से एक टापू पर फंसे 4 ग्रामीणों की रेस्क्यू एवं दूसरा नदी में डूबते हुए ग्रामीण की रेस्क्यू का किया गया।

भारी बारिश में टापू में फंसे होने की सूचना ग्रामीण से मिलते ही जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन टीम द्वारा रेस्क्यू अभियान के लिए टीमों को मौक़े पर पहुंचने के निर्देश दिये गए। एसडीआरएफ, पुलिस,होमगार्ड,राजस्व, मेडिकल सहित अन्य विभाग की टीम मौक़े पर पहुंचे। साथ ही विद्युत और स्वास्थ्य टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। मौके पर इंसीडेंट कमांडर को राहत शिविर एवं अस्थाई अस्पताल की स्थापना की गई और रेस्क्यू टीम और बचाव दल के लिए भी शिविर बनाया गया।

एसडीआरएफ की टीम लाइफ जैकेट एवं अन्य साजो-सामान के साथ मोटर बोट में रेस्क्यू के लिए रवाना हुए। टापू में पहुंचकर ग्रामीणों को मोटर बोट में बैठाकर लाया गया। ग्रामीणों की मेडिकल जांच के पश्चात सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। जिसमें सामान्य लोगों को अस्थाई शिविर में रखा गया और गंभीर रूप घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल में रेफर किया गया। इसके बाद नदी में डूबते हुए ग्रामीण को गोताखोर के माध्यम से रेस्क्यू का अभ्यास किया गया।
एसडीआरएफ की टीम द्वारा इस दौरान आपदा के समय विशेष रूप से जीवन रक्षक प्रक्रिया और आसानी से बनने वाले स्ट्रेचर के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। अभ्यास के दौरान प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन किया गया। अभ्यास के पश्चात सभी विभाग के अधिकारियो के द्वारा बारी-बारी से आपदा प्रबंधन के दौरान विभागीय गतिविधियों, कार्यवाहियों की जानकारी दी गई। आपदा प्रबंधन का काल्पनिक अभ्यास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेंड्रा में भी किया गया। यहां अस्पताल में शॉर्ट शर्किट से आग लगने और भवन ढह जाने की घटना में अग्निशामक वाहन एवं दमकल टीम द्वारा आग पर काबू पाना एवं अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीजों एवं घायलों को अन्य भवन में शिफ्टिंग, जांच, ईलाज एवं अन्य प्रबंधनों का अभ्यास किया गया।इस दौरान कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर श्री अमित बेक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पाण्डेय, एसडीओपी मरवाही दीपक, जिला आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम मरवाही निकिता मरकाम सहित तहसीलदार विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।











