

चौमहला/झालावाड़ (आबिद मंसूरी)
चौमहला: राजस्थान के गंगापुर सिटी में अग्रवाल–खंडेलवाल समाज पर हुए लाठीचार्ज की घटना के संबंध में अखिल भारतीय अग्रवाल समाज चौमहला द्वारा शुक्रवार को मुख्यमंत्री व गृहमंत्री राजस्थान सरकार के नाम गंगधार उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया गया। समाज के अमित अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार 17 सितंबर को गंगापुर सिटी में शांतिपूर्ण ढंग से अपने समाजिक अधिकारों एवं मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे अग्रवाल–खंडेलवाल समाज के निर्दोष एवं अनुशासित नागरिकों पर राजस्थान पुलिस द्वारा किया गया वह लाठीचार्ज अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण निंदनीय एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। इस घटना ने न केवल समाज की भावनाओं को आहत किया है, बल्कि यह प्रशासन और शासन की संवेदनहीनता को भी उजागर करता है। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, किंतु पुलिस की इस अमानवीय कार्रवाई से पूरे अग्रवाल समाज में रोष एवं असंतोष व्याप्त है।
साथ ही मांग है कि इस लाठीचार्ज की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाए। घायल समाजजनों को उचित चिकित्सीय सुविधा एवं मुआवज़ा उपलब्ध कराया जाए।भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रशासन को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएँ। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र ही हमारी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं की जाती है, तो अग्रवाल–खंडेलवाल समाज, प्रदेश इकाई अनुमति पश्चात, संपूर्ण जिले एवं प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन हेतु बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन एवं सरकार की होगी।
हमारा समाज शांतिप्रिय शिक्षित एवं अनुशासित है, किंतु कायर नही है। ज्ञापन के दौरान अग्रवाल महासभा के प्रदेशमंत्री जगदीश अग्रवाल,अग्रवाल महिला मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष ममता अग्रवाल, संरक्षक नारायणलाल अग्रवाल, अध्यक्ष शरद अग्रवाल, पूर्व सरपंच कमलेश अग्रवाल, भगवती प्रसाद अग्रवाल, दुर्गेश अग्रवाल, महेश बंसल, राजेंद्र अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल,विरेन्द्र ऐरन, पलाश अग्रवाल, जगदीश ऐरन, हेमंत अग्रवाल,राजकुमार गोयल,राजेश मंगल, कैलाश अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के लोग मौजूद रहे।










