*मैनपुरी* 29 अगस्त, 2025- हॉकी के जादूगर पद्मभूषण, मेजर ध्यानचंद की जयंती, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण एवं राष्ट्रीय चौम्पियनशिप में उ.प्र. के पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि वितरण कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के उपरांत खेल दिवस के अवसर पर पं. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने 14 वर्ष की आयु में हॉकी खेलना प्रारंभ किया, सेना में भर्ती होने के बाद भी उन्होंने हॉकी खेलना जारी रखा, उन्होंने अपने जीवन में देश को 03 स्वर्ण पदक दिलाए, मेजर ध्यानचंद के हॉकी खेलने कि कला से अंग्रेज भी काफी प्रभावित थे, हॉकी के ऐसे महान जादूगर से प्रेरणा लेकर युवा राष्ट्रीय खेल से जुड़ें, मेजर ध्यानचंद ने पूरे जीवन अनुशासन के साथ हॉकी खेली, उसी का परिणाम है कि आज उन्हें हॉकी के जादूगर के नाम से जाना जाता है, आज हम भारत के हॉकी के जादूगर का जन्म दिवस राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलो इंडिया का नारा दिया, युवाओं को खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होने प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों का आव्हान करते हुये कहा कि खेल भावना के साथ खेलें, खेल में हार-जीत मायने नहीं रखती, खेल से स्वच्छ प्रतिस्पर्धा विकसित होती है साथ ही मानसिक और शारीरिक विकास होता है।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने से खेल भावना विकसित होती है, जो जीवन में धैर्य के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में विभिन्न खेलों में महान खिलाड़ियों ने विश्व पटल पर देश का नाम रोशन किया, हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद ने न सिर्फ देश को गोल्ड मेडल दिलाये बल्कि अपनी हॉकी खेलने की कला से सबको अचम्भित किया। उन्होने कहा कि बच्चों में बचपन से ही खेल से जुड़ने की भावना पैदा करें, प्रतिदिन कुछ समय खेल के मैदान में व्यतीत करने के लिए प्रेरित करें। उन्होने कहा कि खेल जीवन के लिए बहुत ही आवश्यक है, यह संभव ही नहीं है कि आप सब बिना खेले, बिना किसी शारीरिक परिश्रम के अपने जीवन में सफल हो जाय, यह क्रीडा प्रतियागिताएं, उनके लिए की जाने वाली तैयारियां हमें अनुशासन सिखाती हैं, हमें प्रतिदिन और बेहतर करने की प्रेरणा देती हैं, हमारे सामने एक चुनौती रखती हैं जिसको पाने के लिए हम लगातार परिश्रम करने के लिए प्रेरित होते रहते हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जे.एस. मेमोरियल, सैनिक स्कूल की हॉकी टीम के जिलाध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी ने परिचय प्राप्त किया। इस दौरान घनश्याम दास गुप्ता, डा. विमलेश पाठक, प्रमोद दुबे बाबा आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन जिला क्रीड़ा अधिकारी साधना सिंह ने किया।
2,501 2 minutes read







