“संकल्प से समाधान” अभियान के तहत 16 फरवरी से संकुल स्तर पर शिविर आयोजित होंगे
—
खण्डवा//मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलाने के लिये प्रदेश में इन दिनों “संकल्प से समाधान” अभियान प्रारम्भ किया गया है। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में नागरिकों से सम्पर्क कर आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि “संकल्प एवं समाधान” अभियान का प्रथम चरण 15 फरवरी को समाप्त हो रहा है। प्रथम चरण में प्राप्त आवेदनों का द्वितीय चरण में संकुल स्तर में शिविर आयोजित कर निराकरण किया जाएगा तथा हितग्राहियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण भी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि द्वितीय चरण 16 फरवरी, से प्रारंभ होकर 16 मार्च तक जारी रहेगा। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्धारित कार्यक्रम अनुसार संकुल स्तर पर शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं के निराकरण करने के निर्देश भी दिए हैं।










