
प्रति रविवार मरीजो को खंडवा से बड़ौदा धीरज हॉस्पिटल निशुल्क लेकर पहुंचेगी बस।
दादाजी मंदिर के पास से निशुल्क बस का रविवार को हुआ शुभारंभ।
खंडवा। मानव सेवा ही प्रभु सेवा है, सामाजिक सेवा के माध्यम से हमें अच्छे फल की प्राप्ति होती है इस उपदेश को लेकर गुजरात के बडौदा में धीरज हॉस्पिटल मरीजों की सेवा के लिए मिशाल बनता जा रहा है, बहुत ही कम दरों पर बड़ी से बड़ी बीमारी का इलाज इस अस्पताल में हो रहा है, गरीब लोगों का इलाज पूरी तरह निशुल्क है। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मरीजो के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई सौगात मिलने जा रही है। दादाजी मंदिर के पास से धीरज हॉस्पिटल, बड़ौदा (गुजरात) के लिए जल्द ही निशुल्क बस सेवा शुरू की जा रही है। रविवार को धीरज हॉस्पिटल से जुड़े कसरावद के गौरीशंकर पाटीदार के द्वारा खंडवा से बड़ौदा के लिए निशुल्क बस सेवा का शुभारंभ समाजसेवी हरीश कोटवाले, गौरी शंकर पाटीदार के हाथों हुआ।
यह बस सेवा हर रविवार सुबह 8 बजे खंडवा से रवाना होगी। एवं शनिवार को बड़ौदा से खंडवा आएगी। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि बस खंडवा से खरगोन, जुलवानिया, बड़वानी, निसरपुर, कुक्षी और अलीराजपुर होते हुए बड़ौदा स्थित धीरज हॉस्पिटल पहुंचेगी।
इस सेवा का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जानकारी के अनुसार किसी भी प्रकार के मरीज का धीरज हॉस्पिटल में निशुल्क इलाज किया जा रहा है। मरीजों और उनके परिजनों के लिए यह निशुल्क बस सेवा काफी राहत देने वाली साबित हो सकती है। खंडवा से प्रति रविवार को मरीजो को भेजने की व्यवस्था रजत पाटीदार, हरीश कोटवाले, संदेश गुप्ता, सुनील जैन, सोमनाथ काले संभालेंगे।













