
चौपारण। प्रखंड के बहेरा स्थित नवभारत जागृति केंद्र द्वारा संचालित सुरेखा प्रकाश भाई पब्लिक स्कूल में बालिका वर्ग की इंटर-हाउस बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्या रीना पांडे ने सिक्का उछालकर टॉस किया।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में गांधी हाउस ने टैगोर हाउस को तथा सुभाष हाउस ने जेपी हाउस को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला गांधी हाउस और सुभाष हाउस के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में गांधी हाउस ने सुभाष हाउस को 12-8 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गांधी हाउस की मैरी कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। विजेता टीम में रोशी कुमारी, डॉली कुमारी, मैरी कुमारी, स्नेहा कुमारी, आरोशी कुमारी, अंचल कुमारी, वैष्णवी कुमारी, नव्या कुमारी, दिव्या कुमारी, रूपा कुमारी, प्रतिज्ञा कुमारी एवं साक्षी कुमारी का सराहनीय योगदान रहा।
प्रतियोगिता में खेल शिक्षक राकेश रंजन ने रेफरी तथा आशुतोष कुमार ने स्कोरर की भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका अमृता मैसी, अमित राणा एवं शैलेन्द्र गुरु का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन अवसर पर प्राचार्या रीना पांडे ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बालिकाओं के खेल की विशेष सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना और अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया।













