
“परंपरागत कृषि विकास योजना” के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न
—
खण्डवा//
किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य सुधार, उत्पादन लागत में कमी और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन एवं विपणन संबंधी जानकारी देने के उद्देश्य से “परंपरागत कृषि विकास योजना” के तहत रविवार को कृषि महाविद्यालय, खंडवा मे जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित किसानों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” कार्यक्रम को भी सुना। कार्यक्रम में खालवा एवं पंधाना विकासखंड के कृषकों के साथ साथ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री सेवा दास पटेल, उपसंचालक कृषि श्री नीतेश यादव, कृषि महाविद्यालय खंडवा के डीन श्री डी.के. वाणी, उप संचालक पशुपालन डॉ. हेमंत शाह, एल.डी.एम. श्री गणेश ताईकर, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड श्री खेरनार, सहायक संचालक कृषि श्री दीपक मंडलोई, श्री लक्ष्मण सिंह निगवाल एवं श्री जितेन्द्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
इस जिला स्तरीय कार्यशाला में किसानों को परंपरागत कृषि विकास योजना के उद्देश्यों, जैविक खेती की तकनीकों, क्लस्टर गठन, जैविक प्रमाणीकरण, बाजार से जोड़ने की प्रक्रिया तथा कृषि आधारित उद्यमिता तथा ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई -टोकन के माध्यम से उर्वरक प्राप्त करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई | कार्यक्रम के अंत में कृषकों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया गया और कृषि विशेषज्ञों द्वारा उपस्थित किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन अनुविभागीय अधिकारी कृषि श्री लोकेन्द्र सिंह मंडलोई ने किया ।










