
दादाजी धाम में भक्ति का अलौकिक संगम: वृंदावन की कथावाचक दीदी कृष्ण प्रिया जी ने दर्शन कर देखा भव्य मंदिर का मॉडल, बोलीं— ‘राम मंदिर जैसी होगी दिव्यता’
खंडवा। धर्मनगरी खंडवा स्थित दादाजी धाम में उस समय भक्ति और श्रद्धा का अनूठा वातावरण निर्मित हो गया, जब वृंदावन की सुप्रसिद्ध कथावाचक दीदी कृष्ण प्रिया जी महाराज दर्शन हेतु दादाजी धाम पहुंचीं। पूर्व निमाड़ सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा श्री गणेश गौशाला में आयोजित ‘नानी बाई को मायरो’ कथा में शामिल होने आईं दीदी कृष्ण प्रिया जी ने विशेष रूप से दादाजी धाम पहुंचकर बड़े दादाजी और छोटे दादाजी की समाधि के दर्शन किए तथा गुरु चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। समाजसेवी व समिति सदस्य सुनील जैन ने बताया कि दादाजी धाम पहुंचते ही उन्होंने मंदिर परिसर में आध्यात्मिक अनुभूति का अनुभव किया। लोक-कल्याण, विश्व शांति और मानवता के मंगल की कामना करते हुए उन्होंने पवित्र धुनी माई में आहुति अर्पित की। करीब एक घंटे तक परिसर में प्रवास के दौरान उन्होंने दादाजी से जुड़ी ऐतिहासिक एवं पूजनीय धरोहरों को नजदीक से देखा और मंदिर निर्माण की तैयारियों की जानकारी भी ली।
भव्य संगमरमर मंदिर का मॉडल देख हुईं अभिभूत
दादाजी धाम में निर्माणाधीन भव्य संगमरमर मंदिर के मॉडल और नक्शे का अवलोकन करते हुए दीदी कृष्ण प्रिया जी भावविभोर नजर आईं। वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि वर्ष 1990 के बाद अब 2026 में दादाजी धाम में एक नई आध्यात्मिक श्रृंखला प्रारंभ होने जा रही है, जो आने वाले समय में देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का विराट केंद्र बनेगी।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में भगवान श्रीराम का दिव्य और भव्य मंदिर आकार ले चुका है, उसी प्रकार खंडवा में दादाजी का बनने वाला मंदिर भी अलौकिक और अद्भुत स्वरूप में सामने आएगा। मंदिर के मॉडल और डेमो को देखकर उन्होंने इसकी भव्यता की खुले मन से सराहना की।
‘तन, मन और धन’ से सहयोग का आह्वान
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि दीदी कृष्ण प्रिया जी ने खंडवा और निमाड़ क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि वे ऐसे गुरु क्षेत्र में निवास कर रहे हैं, जहां दादाजी जैसी महान संत विभूति की कृपा सतत बनी हुई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि मंदिर निर्माण जैसे पुण्य कार्य में सभी लोग तन, मन और धन से सहयोग करें, ताकि दादाजी की महिमा और संदेश जन-जन तक पहुंच सके।
श्रद्धालुओं और गणमान्यजनों की रही मौजूदगी
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि इस दौरान वृंदावन से आए सुनील दुबे, आशीष चटकेले, राकेश थापक, रितेश चौहान, अनिल बाहेती, मंगलेश शर्मा और कैलाश पटेल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंदिर निर्माण समिति और भक्तों ने दीदी कृष्ण प्रिया जी का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।









