
श्रमिक दिवस पर शक्ति दीदी का प्रेरक संदेश, श्रमिकों का सम्मान और नशामुक्ति का संकल्प।

खंडवा। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर विश्वकर्मा निर्माण प्रभाग (RERF) एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में भाग्योदय भवन, आनंद नगर खंडवा में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में सेवा केंद्र प्रभारी शक्ति दीदी की प्रेरक उपस्थिति और उद्बोधन केंद्र में रहा।कार्यक्रम का संचालन आरती बहन द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। अपने उद्बोधन में शक्ति दीदी ने श्रम को ईश्वर की सच्ची पूजा बताते हुए कहा कि कर्म ही मनुष्य को महान बनाता है। उन्होंने श्रमिकों के योगदान को समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव बताया तथा सभी को निष्ठा, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय मजदूर संघ के जिलामंत्री प्रवीण शर्मा ने श्रमिकों के अधिकारों एवं सम्मान की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि श्रमिकों के बिना विकास संभव नहीं है।
सुनील जैन ने बताया कि बताया कि कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में अखिल भारतीय साहित्य परिषद की नगर महामंत्री हर्षा शर्मा, माउंट आबू से आए बी.के. महेंद्र भाई एवं बी.के.चंद्रकांत भाई उपस्थित रहे। इस अवसर पर बी. के.महेंद्र भाई द्वारा उपस्थित श्रमिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई, जिससे कार्यक्रम में सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों का तिलक , गमछा एवं ईश्वरीय सौगात देकर सम्मान किया गया, जिससे उनमें गर्व और उत्साह का संचार हुआ। अंत में सभी ने श्रम की गरिमा को बनाए रखने एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।













