
डायल 112 (FRV) ने तत्परता दिखाकर भटके दो बालकों को परिजनों से मिलाया
पंधाना, 20 अगस्त 2026। थाना पंधाना क्षेत्र में डायल 112 (FRV) वाहन के कर्मचारियों ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए भटककर ग्राम खिराला पहुंचे दो बालकों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया।
प्राप्त सूचना के अनुसार, दो बालक अपने घर से भटककर ग्राम खिराला पहुंच गए थे। सूचना मिलते ही डायल 112 (FRV) के आरक्षक धर्मेन्द्र एवं पायलट बबलू तत्काल ग्राम खिराला पहुंचे। कर्मचारियों ने बालकों से स्नेहपूर्वक एवं संवेदनशीलता के साथ बातचीत की। पूछताछ में बालकों ने स्वयं को ग्राम लिंगी फाटा का निवासी बताया तथा भटककर खिराला पहुंचने की जानकारी दी।
डायल 112 की टीम दोनों बालकों को तत्काल ग्राम लिंगी फाटा लेकर पहुंची और उनके परिजनों की तलाश की। परिजनों के मिलने एवं आवश्यक तस्दीक के बाद दोनों बालकों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
डायल 112 (FRV) टीम की तत्परता, संवेदनशील व्यवहार एवं मानवीय दृष्टिकोण की सराहना की जा रही है।













