
’’ग्राम पंचायत हिनौता में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया’’
डिंडौरी : 24 अप्रैल,2026
शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस का आयोजन विकासखंड डिंडोरी की ग्राम पंचायत हिनौता के पंचायत भवन में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर ग्रामीण स्वशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायतों में विशेष सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को पंचायत राज व्यवस्था के अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था लोकतंत्र की मजबूत नींव है, जहां ग्राम सभा के माध्यम से गांव के विकास कार्यों की योजना बनाकर उन्हें प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाता है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे ग्राम सभाओं में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने गांव की आवश्यकताओं के अनुसार प्रस्ताव रखें।
अधिकारियों ने बताया कि शासन द्वारा ग्राम पंचायतों को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, बजट प्रबंधन एवं स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकार दिए गए हैं। इसके माध्यम से सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वच्छता एवं आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास गांव स्तर पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर ग्रामीणों ने गांव के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया और पंचायतों को सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर ग्राम की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू ब्यौहार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे, श्री महेश धुमकेती, सरपंच श्री नरेन्द्र कुमार सरैया सहित कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन एवं जनपद सीईओ श्री प्रमोद ओझा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने उद्बोधन में कहा कि पंचायती राज व्यवस्था लोकतंत्र की मजबूत नींव है। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत को विकास कार्यों के लिए अधिकार दिए गए हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को ग्राम सभा में भाग लेकर गांव की आवश्यकताओं के अनुसार प्रस्ताव प्रस्तुत करना चाहिए।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे ने कहा कि पंचायत राज व्यवस्था के अंतर्गत गांव की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही संभव है। बिजली, सड़क, पानी, पेंशन, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर ही योजनाएं संचालित की जाती हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते ने कहा कि गांव के विकास में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन और ग्रामीणों के समन्वय से ही स्थायी विकास संभव है। उन्होंने पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं वृक्षारोपण जैसे कार्यों में सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि जिले में जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए शासकीय एवं अर्धशासकीय भवनों में सोखता टैंक बनाए जा रहे हैं। साथ ही नदी-नालों, सड़कों के किनारे एवं घरों के पास रिचार्ज प्वाइंट विकसित किए जा रहे हैं, जिससे भूजल स्तर में सुधार हो सके।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सचिव ग्राम पंचायत हिनौता श्री वचन सिंह मार्को को जनमन आवास योजना में लक्ष्य पूर्ण करने पर, श्री परसोत्तम धार्वे (ग्राम पंचायत दर्री मोहगांव) को पीएम आवास एवं 97.58 प्रतिशत समग्र ई-केवाईसी पूर्ण करने पर, श्री राकेश परस्ते (ग्राम पंचायत औरई) को स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत वाटर हार्वेस्टिंग एवं शोकपिट निर्माण में उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया। इसके अलावा श्री भरत सिंह बिलागर, श्रीमती ममता बिलागर एवं श्री राममिलन परमार को समग्र ई-केवाईसी में 96 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा सीएम हेल्पलाइन में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण पत्र एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया गया।











