
*श्री झूलेलाल मंदिर में भक्तमाल कथा में उमड़ रही धर्मप्रेमी श्रोताओं की भीड़*
खंडवा।सिंधी कॉलोनी स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में चकरभाटा से पधारे साईं कृष्णदास जी के मुखारविंद से भक्तमाल कथा का श्रवण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमीजन उमड़ रहे हैं।
श्री पूज्य सिंधी पंचायत के प्रवक्ता कमल नागपाल ने बताया कि सिंधी समाज 16 जुलाई से 24 अगस्त तक चालीहा साहब के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक आयोजन कर रहा है।श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल और श्री झूलेलाल समर्थ पेनल द्वारा मंदिर में कई कार्यक्रम किए जा रहे हैं।इसी कड़ी में रविवार से भक्तमाल कथा प्रारंभ हुई।परंपरा अनुसार कथावाचक साईं कृष्णदास जी का श्री पूज्य सिंधी पंचायत, श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल, श्री झूलेलाल समर्थ महिला मंडल की ओर से हार्दिक स्वागत किया गया।16 से 18 अगस्त तक आयोजित इस धार्मिक आयोजन के तहत सोमवार को कथा का द्वितीय दिवस था।रात्रि 10 बजे से प्रारंभ कथा देर रात्रि तक जारी रही।
*मोहन आओ तो सही, गिरधर आओ तो सही…*
मोहन आओ तो सही, गिरधर आओ तो सही,
प्रेम के मंदिर में मीरा अकेली खड़ी,नैनों में बसाए तुम्हारी ही छवि,
मन में सजाए तुम्हारी ही गली, सांसों में नाम तुम्हारा ही बसा, तुम बिन ये दुनिया लगे है अधूरी….
मोहन आओ तो सही, गिरधर आओ तो सही,
प्रेम के मंदिर में मीरा अकेली खड़ी…
साईं कृष्णदास जी ने जैसे ही यह भक्ति रचना सुनाई, सभी श्रोता भाव विभोर हो गए।
इस अवसर पर मंदिर का सभागृह श्रद्धालुओं से पूरी तरह खचाखच भरा रहा।भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ साईं कृष्णदास जी के मुखारविंद से सिंधी भाषा में भक्तमाल कथा का श्रवण किया।
कथा के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।आयोजकों के अनुसार कथा का समापन 18 अगस्त को होगा।













