
नवागत आरटीओ निशा चौहान से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, यातायात व्यवस्था सुधारने की रखी मांग

खंडवा/
इंदौर से स्थानांतरित होकर खंडवा में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) का पद संभालने पहुंचीं निशा चौहान से मंगलवार को कार्यलय में पहुचकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि उनके नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने से आमजन को परिवहन विभाग से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने कहा कि पिछले कई वर्षों से खंडवा में एआरटीओ स्तर के अधिकारी पदस्थ रहे हैं। अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों के चलते कई बार अधिकारी सप्ताह में एक-दो दिन ही कार्यालय में उपलब्ध हो पाते थे। अब आरटीओ के रूप में निशा चौहान की नियमित मौजूदगी से आम नागरिकों, वाहन चालकों और परिवहन से जुड़े लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने आरटीओ निशा चौहान के समक्ष शहर की यातायात एवं परिवहन व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएं रखीं। उन्होंने विशेष रूप से स्कूली बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले कई ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है। ओवरलोडिंग के कारण किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने ऐसे वाहनों की नियमित जांच कर कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने यात्री बसों की व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यात्री बसों में पूरा किराया वसूलने के बावजूद कई बार यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ता है। निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने अथवा खड़ा कर यात्रा कराने की व्यवस्था पर परिवहन विभाग को सख्ती से रोक लगानी चाहिए।
इसके अलावा इंदौर-खंडवा मार्ग पर यात्रियों के साथ होने वाली परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कई बस संचालक यात्रियों को इंदौर से खंडवा तक पहुंचाने की बात कहकर बस में बैठाते हैं, लेकिन रास्ते में मोरटक्का के पास यात्रियों को उतारकर दूसरी बस में बैठाया जाता है। इससे विशेषकर महिला, बुजुर्ग और परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस ने इस मामले में भी जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने आरटीओ से आग्रह किया कि स्कूली वाहनों, यात्री बसों और लंबी दूरी के मार्गों पर चलने वाली बसों की नियमित जांच कर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था मिल सके। आरटीओ निशा चौहान ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखे गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी,सुनील आर्य,मेहमूद खान,ब्लाक अध्यक्ष विशाल जैन,यशवंत सिलावट,जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु ,जैन,चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष डॉ शरद हरणे,गुरप्रीत सिंघ होरा,योगेश जांगिड़,फरहान खान,नवनाथ सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।













