
*स्वच्छता स्वाभिमान अभियान अंतर्गत कचरा वाहनों का स्वच्छता ऑडिट सम्पन्न*
खण्डवा//
स्वच्छता स्वाभिमान अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा आज कचरा संग्रहण वाहनों का व्यापक स्वच्छता ऑडिट किया गया। यह ऑडिट निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया, जिसमें कुल 60 वाहनों का निरीक्षण किया गया। इनमें से 89 प्रतिशत वाहन सभी मापदंडों पर खरे पाए गए।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रमुख कमियां भी सामने आईं, जिनमें 4 वाहनों में सैनिटरी वेस्ट हेतु पीले डिब्बों की अनुपलब्धता, 8 वाहनों में हानिकारक कचरे हेतु काले डिब्बों का क्षतिग्रस्त होना, 2 वाहनों में गीले एवं सूखे कचरे के विभाजन का टूटा होना शामिल है। इसके अतिरिक्त 8-10 वाहनों पर स्वच्छता संबंधी नारे धुंधले अथवा अनुपस्थित पाए गए।
साथ ही कुछ वाहनों में ब्लैक बॉक्स, ड्राइवर सीट एवं अन्य तकनीकी कमियां भी पाई गईं, जिनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। सफाई मित्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें नई वर्दी, दस्ताने एवं मास्क भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को सभी कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए, ताकि सभी वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो सकें। नगर निगम द्वारा भविष्य में भी नियमित ऑडिट जारी रखे जाएंगे।









