ताज़ा ख़बरें

रक्तदान की अलख जगा रहा है जय महाराणा रक्तदान समूह भारत, खंडवा

खास खबर

विश्व रक्तदाता दिवस पर विशेष

रक्तदान की अलख जगा रहा है जय महाराणा रक्तदान समूह भारत, खंडवा

खंडवा। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर उन सभी रक्तवीरों को नमन किया जाता है जो निस्वार्थ भाव से रक्तदान कर जरूरतमंदों को नया जीवन प्रदान करते हैं। रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी के जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।

खंडवा जिले में जय महाराणा रक्तदान समूह भारत पिछले कई वर्षों से रक्तदान जागरूकता एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष रक्तमित्र शैलू मंडलोई के नेतृत्व में हजारों युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया है। संस्था का उद्देश्य समाज में रक्त की कमी को दूर करना तथा प्रत्येक जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है।

संस्था की महिला विंग अध्यक्ष श्रीमती संगीता एकले, संचालक रक्तमित्र शुभम सिंह गौड़ एवं रक्तमित्र शैलेन्द्र सिंह राजपूत सहित पूरी टीम रक्तदान जागरूकता अभियान को निरंतर आगे बढ़ा रही है। सभी सदस्य स्वयं भी नियमित रक्तदान कर समाज के समक्ष प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

संस्था द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में रक्तदान एवं थैलेसीमिया जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। युवाओं को थैलेसीमिया जैसी गंभीर आनुवंशिक बीमारी के प्रति जागरूक कर भविष्य में इस बीमारी से प्रभावित बच्चों के जन्म को रोकने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

रक्तमित्र शैलू मंडलोई ने अपने परिवार सहित देहदान का संकल्प लिया है तथा स्वयं अब तक 64 बार रक्तदान कर एक प्रेरणादायक मिसाल कायम की है। संस्था द्वारा सैकड़ों रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें हजारों यूनिट रक्त एकत्रित कर जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया गया है।

कोविड-19 लॉकडाउन जैसी विषम परिस्थितियों में भी संस्था ने अपनी सेवाएं जारी रखते हुए लगभग 1200 यूनिट रक्त एकत्रित कर अनेक मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अतिरिक्त निःशुल्क ब्लड ग्रुप जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र परीक्षण एवं दंत परीक्षण शिविरों का आयोजन भी नियमित रूप से किया जाता है।

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष रक्तमित्र शैलू मंडलोई आकाशवाणी खंडवा के पंजीकृत वार्ताकार भी हैं। वे समय-समय पर आकाशवाणी खंडवा 101.2 एफएम के लोकप्रिय कार्यक्रम “गुड मॉर्निंग खंडवा” एवं “युववाणी” में सहभागिता कर रक्तदान, थैलेसीमिया जागरूकता, समाज सेवा तथा युवा पीढ़ी की सामाजिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार व्यक्त करते रहे हैं। उनके प्रेरणादायक संदेशों से अनेक युवा रक्तदान एवं समाज सेवा के कार्यों से जुड़े हैं। वे युवाओं को यह संदेश देते हैं कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नियमित रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान देना चाहिए।

संस्था ने रक्तदान के क्षेत्र में केवल खंडवा जिले ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश, देश एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। मानव सेवा एवं रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए संस्था तथा संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष रक्तमित्र शैलू मंडलोई को सैकड़ों राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। संस्था को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड सहित अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष रक्तमित्र शैलू मंडलोई को मध्यप्रदेश के राज्यपाल महामहिम मंगूभाई पटेल द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है, जो संस्था एवं जिले के लिए गौरव का विषय है।

जय महाराणा रक्तदान समूह भारत देश एवं प्रदेश के विभिन्न शहरों में रक्तदान के क्षेत्र में कार्यरत अनेक संस्थाओं से जुड़ा हुआ है। यह नेटवर्क आवश्यकता पड़ने पर एक-दूसरे की सहायता कर जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यही कारण है कि संस्था का सेवा कार्य आज एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है।

संस्था समय-समय पर रक्तदाताओं एवं समाजसेवियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन भी करती है। ऑनलाइन माध्यम से अथवा व्यक्तिगत रूप से भेंट होने पर उन्हें सम्मान-पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाते हैं। इससे रक्तदान और समाज सेवा के प्रति लोगों का मनोबल बढ़ता है तथा नए स्वयंसेवक भी इस अभियान से जुड़ते हैं।

पिछले आठ वर्षों से संस्था द्वारा प्रत्येक वर्ष 26 जनवरी एवं 15 अगस्त के अवसर पर विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में बड़ी संख्या में रक्तदाता भाग लेकर मानव सेवा के इस महायज्ञ में अपनी सहभागिता निभाते हैं।

रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को संस्था द्वारा स्मृति चिन्ह, सम्मान पत्र एवं एक पौधा भेंट कर सम्मानित किया जाता है। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाता है। साथ ही रक्तदाताओं को प्रेरित किया जाता है कि वे अगली बार रक्तदान करने आएं तो अपने मित्रों, परिवारजनों एवं परिचितों को भी साथ लाएं, जिससे अधिक से अधिक लोगों का जीवन बचाया जा सके।

संस्था के प्रयासों से ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में रक्तदान को प्रोत्साहित करने की एक अभिनव पहल भी प्रारंभ हुई है। दर्शनार्थियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता बढ़ी है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल रहा है। यह पहल रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर संस्था ने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया है। रक्तदान से न केवल किसी जरूरतमंद को जीवन मिलता है, बल्कि समाज में मानवता, सहयोग और सेवा की भावना भी मजबूत होती है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!