ताज़ा ख़बरें

किल्लौद में बिजली विभाग की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस का ज्ञापन, किसानों की समस्याओं पर कार्रवाई की मांग

जिला कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

किल्लौद में बिजली विभाग की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस का ज्ञापन, किसानों की समस्याओं पर कार्रवाई की मांग

जिला कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

खंडवा/
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों एवं किसान प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को किल्लौद तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किल्लौद ब्लॉक क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित अनियमितताओं, अवैध वसूली, किसानों के आर्थिक एवं मानसिक उत्पीड़न तथा विभागीय लापरवाही की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया गया कि ग्राम गंभीर निवासी किसान राजू पर विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा ₹90 हजार जमा करने का दबाव बनाया गया तथा बिना रसीद ₹50 हजार नकद राशि लेने का मामला सामने आया है। किसान द्वारा रसीद मांगने पर अतिरिक्त राशि की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिना उचित सूचना के की गई कार्रवाई से किसान मानसिक रूप से परेशान हुआ और उसने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि क्षेत्र में खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर नहीं बदला जाता, जिससे किसानों को निजी खर्च पर ट्रांसफार्मर लाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। वहीं मेंटेनेंस के नाम पर लगातार अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन एवं किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह के नेतृत्व में ज्ञापन देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में झूलते बिजली तारों और असुरक्षित ट्रांसफार्मरों से जनहानि की आशंका जताते हुए तत्काल सुधार कार्य कराने की मांग की। इसके अलावा ग्राम मालूद के एक किसान के बिजली बिल एवं मीटर रिकॉर्ड में कथित अनियमितताओं की तकनीकी जांच कर सही बिल जारी करने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में मांग की गई कि किसान राजू के मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कानूनी तथा विभागीय कार्रवाई की जाए, किसानों पर ट्रांसफार्मर बदलने का आर्थिक बोझ न डाला जाए तथा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह के साथ किल्लौद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गिरवर सिंह राजपूत, आनंद सिंह कलम, लक्ष्मी नारायण पवार, हेमंत राठौड़, शेर सिंह तोमर, जितेंद्र देवड़ा, संदीप राजपूत, असलम खान एवं अशोक पवार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!