
सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष: जनकल्याणकारी शिविर में सांसद विधायक ने किया हितग्राहियों से संवाद।

खंडवा/पुनासा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मांधाता विधानसभा क्षेत्र के जनपद पंचायत पुनासा में जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि शिविर में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल क्षेत्र के विधायक नारायण पटेल ने सहभागिता कर विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और हितग्राहियों से संवाद किया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं से वंचित पात्र नागरिकों का पंजीयन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। शिविर का उद्देश्य ऐसे पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं को पहुंचाना था, जो अब तक किसी कारणवश इनसे लाभान्वित नहीं हो सके थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का संकल्प है कि विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन कर पात्र नागरिकों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर मांधाता विधायक नारायण पटेल, सूरजपाल सिंह सोलंकी हरीश कोटवाले, राजेंद्र सिंह ठाकुर, संटू दादा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों के आवेदन भी प्राप्त किए गए।
अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर जोर
विधायक नारायण पटेल ने इस अवसर पर कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं इन 12 वर्षों में आधुनिक भारत का निर्माण हुआ है कई जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग को इन योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के संकल्प को पूर्ण करते हुए केंद्र और प्रदेश की सरकार अंतिम छोर के व्यक्ति की भी चिंता कर योजना का लाभ उन तक पहुंचा रही है, शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए ग्रामीण स्तर पर विशेष अभियान चलाकर पात्र लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।






