शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज , निमाड़खेड़ी विद्युत पारेषण लाइन के निर्माण में बाधा उत्पन्न करने वालों पर हुई कार्यवाही
—
खण्डवा//मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कम्पनी द्वारा 132 केवी सनावद आरटीएस निमाड़खेड़ी विद्युत पारेषण लाइन का कार्य किया जा रहा है। इस लाइन का निर्माण कार्य सिंहस्थ के पूर्व पूर्ण किया जाना है। वर्तमान में इस लाइन के 63 टावरों में से 61 टावर लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। गत दिनों सुलगांव स्थित श्रीमती तुलसाबाई की कृषि भूमि पर इस लाइन से सम्बंधित गेटरी फाउंडेशन निर्माण कार्य प्रारम्भ किया गया, तो उसी दौरान खरगोन जिले के ग्राम छाल्पा निवासी गोपाल पाटीदार, ग्राम सिटोक्का बड़वाह निवासी रामेश्वर गुर्जर, सनावद के ग्राम बड़ूद निवासी विशाल गुर्जर, कैलाश पाटीदार, जगदीश यादव, उदित नांदिया निवासी मोरघड़ी, सीताराम इंगला निवासी बासवा, धर्मेन्द्र निवासी बासवा एवं महेश्वर निवासी किशोर पाटीदार द्वारा मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न की गई तथा वहां कार्यरत अधिकारी कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया एवं आगे कार्य न करने के लिए धमकाने का प्रयास किया गया। जिस पर धनगांव थाने में गुरूवार दोपहर में कुल 9 व्यक्तियों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 132, 127 (2) तथा 189(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। धनगांव पुलिस थाने के उप निरीक्षक श्री दिनेश कुमरावत ने बताया कि जिन 9 व्यक्तियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें गोपाल पाटीदार, रामेश्वर गुर्जर, विशाल गुर्जर, कैलाश पाटीदार, जगदीश यादव, उदित नांदिया, सीताराम इंगला, धर्मेन्द्र एवं किशोर पाटीदार शामिल हैं।








