ताज़ा ख़बरें

चौदस पर जागी आस्था, फूलों से सजी मां रेणुका—छैगांवदेवी बना श्रद्धा का केंद्र।

खास खबर

चौदस पर जागी आस्था, फूलों से सजी मां रेणुका—छैगांवदेवी बना श्रद्धा का केंद्र।

खंडवा। इंदौर रोड स्थित छैगांवदेवी में रेणुका चौदस के मौके पर भक्ति और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। तड़के से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। विशेष पूजन, अभिषेक, हवन और प्रसादी वितरण के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों की साधना के बाद चौदस पर मां का विशेष श्रृंगार फूलों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। हवन के पश्चात कन्या भोज का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए और सेवा का लाभ लिया। पंडित आनंद पारे ने बताया कि क्षेत्र में मां रेणुका के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा है। आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भी यहां परिवार सहित दर्शन के लिए रुकते हैं। कई परिवार मां को अपनी कुलदेवी मानते हैं और मनोकामना पूर्ण होने पर नारियल व अन्य सामग्री अर्पित करते हैं। बच्चों का तुलादान भी यहां की विशेष परंपरा में शामिल है। सुनील जैन ने बताया कि चौदस के अवसर पर खंडवा सहित आसपास के गांवों और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर की प्राचीनता को लेकर मान्यता है कि यह स्थल करीब 700 वर्ष पुराना है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां रेणुका, महर्षि जमदग्नि की पत्नी और भगवान परशुराम की माता हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्राचीन काल में माता ने इसी स्थान पर तपस्या की थी, जिसके बाद यहां बसाहट शुरू हुई और गांव का नाम छैगांवदेवी पड़ा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!