
खंडवा में आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर 22 से।
वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर प्रशिक्षक बलवंत सिंह देवड़ा देंगे प्रशिक्षण।
खंडवा। शहर में बहन-बेटियों और युवाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और सक्षम बनाने के उद्देश्य से विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आज की आवश्यकता अनुसार किया जा रहा है। यह शिविर 22 मार्च से 26 मार्च तक सिंधी धर्मशाला, बगीचा ग्राउंड में आयोजित होगा। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि शिविर में भारत सरकार द्वारा सम्मानित वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर प्रशिक्षक बलवंत सिंह देवड़ा प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखाएंगे। इसमें 12 वर्ष या उससे अधिक आयु की बालिकाएं, महिलाएं और युवा भाग ले सकेंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रशिक्षण प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा। पहला सत्र सुबह 7 से 9 बजे तक तथा दूसरा सत्र शाम 5 से 7 बजे तक रहेगा। शिविर में आत्मरक्षा की शारीरिक तकनीकों के साथ-साथ मानसिक रूप से सशक्त बनने का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हनुमानगढ़ परिवार से जुड़े मनीष मलानी, अमित वैणानी, राहुल चंचलानी ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए महिलाओं और युवाओं का मानसिक एवं शारीरिक रूप से आत्मरक्षा के लिए तैयार होना आवश्यक है। इसलिए अभिभावकों से भी अपने बच्चों के साथ इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने की अपील की गई है। सुनील जैन ने बताया कि शिविर में भाग लेने के लिए निःशुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है। इच्छुक प्रतिभागी मनीष कुमार मलानी (9753689054), अमित वैणानी (9806811415) और राहुल चंचलानी (8770688577) से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। यह आयोजन हनुमानगढ़ परिवार, सिंधी कॉलोनी खंडवा द्वारा किया जा रहा है।










