ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा-बड़ी सोच और निरंतर मेहनत से हासिल करें जीवन की हर मंजिल

डिंडौरी जिले के 84 विद्यालयों के 962 विद्यार्थियों को मिला 2 करोड़ 40 लाख 50 हजार रुपये का लाभ

*डिंडौरी: 01 सितंबर,2026*

मुख्यमंत्री द्वारा आज सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेशभर के विद्यार्थियों के खातों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत राशि का अंतरण किया गया। इस दौरान प्रदेश के लगभग 121 लाख विद्यार्थियों को 304 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई।
डिंडौरी जिले में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की उपस्थिति में उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। जिले के 84 विद्यालयों के 962 विद्यार्थियों को कुल 2 करोड़ 40 लाख 50 हजार रुपये की राशि का लाभ प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं स्वयं भी शासकीय विद्यालय की छात्रा रही हूं। आप सभी ने कठिन परिस्थितियों में रहकर मेहनत की है और अच्छे प्रतिशत प्राप्त किए हैं। सरकार द्वारा प्रदान की जा रही यह सहायता आपके लिए एक छोटा-सा उपहार है। यदि आप इसी प्रकार निरंतर परिश्रम करते रहेंगे तो आगे बढ़ेंगे और जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करेंगे। शासन द्वारा आप सभी को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं और सहयोग प्रदान किया जाएगा।
डिंडौरी विधायक श्री ओमकार मरकाम ने कहा कि जिले के 962 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलना खुशी की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यह आपकी सफलता का पहला पड़ाव है, अभी आपको जीवन में कई मंजिलें हासिल करनी हैं। आप इसी प्रकार निरंतर मेहनत करते रहें और आगे बढ़ते रहें। अच्छी सोच और अच्छा ज्ञान ही व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ाता है। शिक्षा एक ऐसी अमूल्य संपत्ति है, जिसे न कोई चुरा सकता है, न बांट सकता है और न ही कोई छीन सकता है।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा अनमोल है, इसलिए हमेशा छोटी नहीं बल्कि बड़ी सोच रखें और अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें। लैपटॉप सहित शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का सदुपयोग अपनी शिक्षा और ज्ञानवर्धन के लिए करें, ताकि आप निरंतर आगे बढ़ते हुए अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को विद्यार्थी प्रोत्साहन प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा प्राप्त सहायता और सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!