
“नक्शा योजना” के तहत छनेरा में नगरीय सर्वेक्षण किया गया
—
खण्डवा//छनेरा मे भारत सरकार की महत्वाकांक्षी #नक्शा_योजना rके अंतर्गत नगरीय सर्वेक्षण का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। डिजिटल गवर्नेस और शहरी विकास की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि है। भारत सरकार के भू-संसाधन विभाग से आए श्री मयंक राजपूत द्वारा इस कार्य का निरीक्षण 5किया गया एवं कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सुश्री संगीता महतो, नायब तहसीलदार श्री सुरेश बामनिया, सी.एम.ओ छनेरा श्री नृपत सिंह, सहित नगर परिषद की सर्वेक्षण टीम के सदस्य भी उपस्थित थे।
तहसीलदार सुश्री संगीता महतो ने बताया कि नगरीय सर्वेक्षण के तहत छनेरा नगर को कुल 17 सेक्टरों में विभाजित कर सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके तहत अब तक 5 सेक्टर्स की समस्त कार्यवाही सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है। शेष 12 सेक्टरों में भौतिक सत्यापन का कार्य संपन्न किया जा चुका है। इस सर्वेक्षण का मुख्य उदेश्य शहरी भूमि के हर एक इंच का सटीक हिसाब रखना है, जिससे न केवल भूमि संबंधित विवादों में कमी आएगी बल्कि भविष्य की शहरी योजनाओं को भी बेहतर गति मिल सकेगी। अब प्रशासन का पूरा ध्यान अधिकार अभिलेख यानी आरओआर टैगिंग पर केंद्रित है। जिसके माध्यम से प्रत्येक संपत्ति और भूमि के टुकड़े को उसकी कानूनी जानकारी के साथ डिजिटल रूप से जोड़ दिया जाएगा। इस प्रक्रिया के पूर्ण होने से विभिन्न सरकारी विभागों के बीच डेटा साझा करना सुगम होगा और आम नगरिकों के लिए भूमि संबंधी दस्तावेजों तक पहुंच पूरी तरह से पारदर्शी और आसान हो जाएगी।











