
भूकंप पूर्व तैयारी के संबंध मे 5 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
—

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं होमगार्ड के तत्वावधान में “भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम” का 5 दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री आशीष कुमार कुशवाहा द्वारा भूकंप के पश्चात की जाने वाली कार्यवाही का ओवरव्यू बताया गया। कार्यक्रम में अलीराजपुर से अतिथि व्याख्याता के रूप में आए श्री राजकुमार कटारे, प्लाटून कमांडर होमगार्ड द्वारा खोज एवं बचाव उपरांत राहत परिदृश्य तथा राहत बचाव में विभागवार जिम्मेदारी एवं त्वरित कार्यवाही विषय पर प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षार्थियों के द्वारा पूछे गए प्रश्नों का भी समाधान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अगले कालखंड में प्लाटून कमांडर श्री रविन्द्र महिवाल द्वारा आपदा पश्चात चरणबद्ध पुनर्विकास विषय पर अपनी बात रखी। इस अवसर पर उपस्थित वालंटियर्स से सीपीआर के संबंध में हैंड्स ऑन प्रैक्टिस कराई गई।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं राहत शाखा प्रभारी श्री दिनेश सावले ने अपने संबोधन में प्रशिक्षार्थियों से फीडबैक भी लिया तथा सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री कुशवाहा द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का संचालन होमगार्ड के सहायक उप निरीक्षक श्री अंकेश सोमानी द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, नगर निगम, नगर परिषद, जिला पंचायत और जनपद पंचायत के अधिकारी, पुलिस और होमगार्ड के अधिकारी कर्मचारी एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस और नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक भी उपस्थित थे।











