
स्वापक औषधि मनः प्रभावी पदार्थों के अनाधिकृत व्यवसायियों पर नियंत्रण एवं कार्यवाई के संबंध में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी और पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी ने मादक पदार्थों पर नियंत्रण एवं कार्रवाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति जन जागरूकता हेतु समाज कल्याण विभाग के सहयोग से अभियान चलाने, सभी मेडिकल दुकानों में प्रतिबंधित दवाईयों की सूची चस्पा करने एवं सीसीटीवी कैमरा लगाने कहा।
कलेक्टर ने नशा मुक्ति केन्द्र में भर्ती नशा पीड़ितों की काउंसलिंग करके मनो वैद्यानिक ढ़ंग से नशे की लत छुड़ाने, उनका मेडिकल चेकअप कराने तथा केन्द्र से जाने के बाद उनका फॉलोअप करने कहा। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, आश्रम-छात्रावासों के आसपास नशीली पदार्थों के अनाधिकृत व्यापार-व्यवसाय पर रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में गुटका, सिगरेट, तम्बाकू आदि नशीले पदार्थाे की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया। बैठक में सीईओ जिला पंचालत मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा, एसडीएम पेण्ड्रारोड विक्रांत अंचल, एसडीएम मरवाही देवेन्द्र सिरमोर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा सहित समाज कल्याण, आबकारी, खाद्य, कृषि, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।









